बेहतर जीवन चाहिए तो सुबह जल्दी उठ जाइये | Get Up Early for Good Health in Hindi

बड़े बुज़ुर्ग अक्सर कहा करते  हैं  “जो  सोवत है वो खोवत है, जो  जागत है  सो  पावत है ” अर्थात एक सोता हुआ व्यक्ति वो सब खो देता है जो एक जगा हुआ व्यक्ति पा लेता है। हम जानते हैं कि कुछ लोगों के लिए सुबह जल्दी उठना पहाड़ तोड़ने के समान है। कोशिश तो वे बहुत करते हैं सुबह जल्दी उठने की, अलार्म भी लगा लेते हैं लेकिन जैसे ही अलार्म बजता है, वे सोचते हैं “चलो बस 5 मिनट और सो जाते  हैं ” लेकिन उनके ये 5 मिनट मानो कभी खत्म होने का नाम ही नहीं लेते। जिसे नींद हो इतनी प्यारी,  उसे तो दुनिया की कोई शक्ति सुबह जल्दी नहीं उठा सकती तो फिर ये अलार्म किस खेत की मूली है। देर तक सोने में आनंद तो ज़रूर आता है लेकिन जो लोग सुबह जल्दी उठते हैं वे जानते हैं कि सुबह जल्दी उठने के अनगिनत फायदे हैं।

आपने अधिकतम सफल व्यक्तियों को यह बोलते हुए सुना होगा कि वे सुबह का उगता हुआ सूरज देखना पसंद करते हैं। वे अपनी सफलता का श्रेय भी कई हद तक सुबह जल्दी उठने की आदत को देते हैं। ऐसे कई शोध हुए हैं जो यह सिद्ध करते हैं कि सुबह जल्दी उठने वाला व्यक्ति देर से उठने वाले व्यक्ति की तुलना में ज़्यादा खुश, relaxed और स्ट्रेस मुक्त रहता है।  कहा जाता है कि सुबह 4 से 5:30 बजे के बीच का समय होता है ‘ब्रह्म मुहूर्त’ और यह समय बहुत प्रभावशाली होता है क्योंकि सुबह के समय में वातावरण में एक अद्भुत सकारात्मक ऊर्जा होती है।  सुबह के समय एक व्यक्ति वो सब पा सकता है जो वो पाना चाहता है, चाहे वो कुछ नया सीखना चाहता हो, अपनी कोई परेशानी हल करना चाहता हो या एक बेहतर इंसान बनना चाहता हो। सुबह के समय पूरे ब्रह्माण्ड की ऊर्जा उसे सकारात्मकता और हर तरह से सफलता की ओर ले जाती है। 

आइये जानते हैं सुबह जल्दी उठना क्यों हैं ज़रूरी:

Table of Contents

सुबह वातावरण शांत होता है

आज इस दौड़ भाग की ज़िन्दगी में जहाँ चाहे आप किसी भी समय बाहर निकलें, ट्रैफ़िक और गाड़ियों के हॉर्न से सिर दर्द करने लगता है और आप इर्रिटेटेड महसूस करने लगते हैं, वहीं यदि आप सुबह जल्दी उठेंगे तो आप ये पाएंगे कि जितनी शान्ति का एहसास आपको सुबह होगा उतना पूरे दिन में कभी नहीं हो पाएगा। जब वातावरण में इतनी शान्ति हो तो मन और मस्तिष्क भी शांत रहते हैं। 

सुबह उठकर उगते हुए सूरज की किरणें जब चेहरे पर पड़ती हैं तो बहुत सुकून मिलता है । जब सुबह की ताज़ी, ठंडी हवा शरीर को छूकर निकलती है तो एक ऐसी ताज़गी का अनुभव होता है जो पूरे दिन में मिलना मुश्किल है। सुबह उठते ही चिड़ियों की चहचहाट मानो किसी सुरीले संगीत की तरह कानों में पड़ती है। जो अनुभव इतना आनंदमय हो वो भला कोई कैसे खो सकता है। सुबह के इस शांत माहौल में आप सारा समय खुद को दे सकते हैं। अपने भविष्य की प्लैनिंग, मैडिटेशन, योग, हर वो चीज़ जिसे करने का समय आपको नहीं मिलता वो आप सुबह कर सकते हैं। 

सुबह जल्दी उठने से बेहतर नींद आएगी

ज़ाहिर सी बात है जब आप सुबह जल्दी उठेंगे तो आपको रात में नींद भी जल्दी आएगी।  आप समय से तो सो ही पाएंगे साथ ही अच्छी नींद आएगी क्योंकि जो लोग सुबह जल्दी उठते है उनका पूरा दिन भी अच्छे से गुज़रता है। सुबह जल्दी उठने का एक बहुत बड़ा फायदा यह है कि आपका ‘sleep routine’ बेहतर हो जाता है । ये बात तो आप भी मानेंगे कि यदि आपको नींद जल्दी आ गयी तो सोने से पहले आप अपने फ़ोन पर जो वक़्त बर्बाद कर देते हैं, वो भी बिलकुल नहीं हो पाएगा। अब जब आप जल्दी और अच्छी नींद सोएंगे तो सुबह भी जल्दी उठेंगे और बहुत ही तरो ताज़ा महसूस करेंगे क्योंकि हम सब जानते है ख़राब नींद मतलब ख़राब दिन।  इस तरह यह एक साइकिल है जो अगर बढ़िया तरह से चलती रही तो चलाने वाला जल्द ही अपने destination तक पहुंच जाएगा । 

सुबह जल्दी उठने से सही समय पर नाश्ता कर पाएंगे

यह तो आपके साथ कई बार होता होगा कि सुबह स्कूल, कॉलेज या नौकरी पर जल्दी पहुंचने के चक्कर में आप अपना नाश्ता नहीं कर पाते।  बहुत बार इस वजह से आपको ना चाहते हुए भी बाहर का खाना खाना पड़ता है जो स्वास्थ्य के लिए बिलकुल भी अच्छा नहीं है । हमारा शरीर भी एक गाड़ी की तरह है।  जिस तरह एक गाड़ी तभी चलती है जब उसमे पेट्रोल हो, उसी तरह ये शरीर भी तभी अच्छे से काम करता है जब इसे सही मात्रा में आहार मिले । यदि दिन की शुरुआत सुबह अच्छे नाश्ते से ना हो तो यह सेहत के लिए अच्छा नहीं होता इसीलिए डॉक्टर भी हमे यही समझाते हैं कि सुबह समय पर खाना कितना ज़रूरी है।

यदि आप सुबह सही समय पर उठेंगे तो भूख भी जल्दी लगेगी और आप सुबह सही समय पर नाश्ता करेंगे। अब पूरा दिन आप इतने बिज़ी हो जाते हैं कि बीच में फल या सलाद जैसी healthy चीज़ें खाने का समय ही नहीं लगता । जब सुबह जल्दी उठेंगे तो आपके पास दिन में समय ज़्यादा होगा और आप एक ‘healthy diet’ अपना पाएंगे। 

सुबह जल्दी उठने से योग और एक्सरसाइज कर पाएंगे

आप लोगों में से ऐसे कई लोग होंगे जिन्होंने या तो  ‘gym’ ज्वाइन किया  होगा या ठाना होगा कि आप हर शाम ‘exercise’ या योग करेंगे लेकिन ऐसे बहुत ही कम लोग होंगे जो इस ‘schedule’ को फॉलो कर पाते होंगे क्योंकि शाम के समय में ऐसे  बहुत से काम हो सकते हैं जिनमे उलझकर आपको योग या एक्सरसाइज करने का मौका ही ना मिले।  कई  बार आलस ही  एक्सरसाइज ना करने का बहुत बड़ा कारण बन जाता है लेकिन जब आप सुबह जल्दी उठेंगे तो सुबह आस पास इतनी शान्ति पाकर आप खुद योग या एक्सरसाइज करना चाहेंगे।  सुबह व्यक्ति में एक जोश रहता है जो शाम को पूरा दिन भर काम कर थक हारने के बाद नहीं रहता।  शाम को थकान भरे दिन के बाद या तो व्यक्ति अपने फ़ोन में कोई बढ़िया सी वीडियो देखना चाहता है या बस सोने का इंतज़ार करता है।  सुबह एक्सरसाइज या योग से अपना दिन शुरू करने से पूरे दिन आप ताज़ा और रिलैक्स्ड महसूस करेंगे और आपका दिन भी बहुत बढ़िया गुज़रेगा। 

सुबह जल्दी उठने से बेहतर त्वचा पाएंगे

रात को अच्छी नींद लेने के बाद जब आप सुबह जल्दी उठेंगे तो आपकी त्वचा भी एकदम फ्रेश दिखेगी।  सुबह जब आप जल्दी उठेंगे तो आप कुछ समय अपनी त्वचा का ख्याल रखने में दे सकते हैं।  जहाँ हर तरफ आज प्रदूषण है, सबकी लाइफ इतनी बिजी है, अपनी स्किन का ख्याल रखना तो हम भूल ही जाते हैं और इतने सारे कामों के चलते समय भी नहीं लगता।  सुबह जल्दी उठकर, एक्सरसाइज कर, भरपूर मात्रा में पानी पीकर, फल खाकर आप अपनी त्वचा का ख्याल रख पाएंगे।  जितना इस शरीर का ख्याल रखना ज़रूरी है उतना ही अपनी त्वचा का भी।  हर कोई अच्छी त्वचा पाना चाहता है तो सुबह जल्दी उठें और अपनी त्वचा को भी सांस लेने दें सुबह की शीतल लहर में। 

सुबह जल्दी उठने से आप हर काम समय से कर पाएंगे

देर से उठने वाले लोग यह भली भाँती जानते हैं कि जब वे सुबह देर से उठते हैं तो उनके हर काम में देरी होती है। सुबह देर से उठने के बाद जल्दबाज़ी में काम पर जाने के लिए तैयार होना, सही से नाश्ता ना कर पाना, अगर ऑफिस देर से पहुंचे तो डाँट सुनना। इसी कारण मूड भी ख़राब हो जाता है। यदि आप सुबह जल्दी उठेंगे तो आपके पास बहुत समय होगा। आप काम पर जाने के लिए आराम से तैयार हो पाएंगे, शान्ति से नाश्ता कर पाएंगे और काम पर भी समय पर पहुँच पाएंगे।

सुबह जल्दी उठने से मानसिक तनाव होता है दूर

आजकल बहुत से लोग किसी ना किसी कारण से मानसिक तनाव का शिकार बन गए हैं, हमेशा परेशान रहते हैं और किसी काम में उनका मन भी नहीं लगता। कुछ स्टडीज़ द्वारा यह पाया गया है कि जो लोग सुबह जल्दी उठ जाते हैं उनके मन की स्थिति सुबह देर से उठने वालों की तुलना में ज़्यादा सकारात्मक और बेहतर होती है। सुबह उठकर एक व्यक्ति जब योग या साधना करता है तो उसे आत्मिक शान्ति मिलती है और उसका पूरा दिन भी बहुत अच्छा गुज़रता है।

वो कहते हैं ना कि एक अच्छी आदत आपका जीवन बदल सकती है। सुबह जल्दी उठने की आदत एक ऐसी आदत है जो आपके जीवन में एक बहुत बड़ा सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी।  आप हर तरह से बेहतर महसूस करेंगे। वो स्वास्थ्य लाभ हो या आपके करियर से रिलेटेड कोई भी रूकावट, सुबह जल्दी उठने से आप सही तरीके से प्लैनिंग कर सकते हैं । अपने आप को समय दे सकते हैं ओर वो दिन दूर नहीं जब जिस भी क्षेत्र में आप सफलता पाना चाहते हों आपको सफलता ज़रूर मिलेगी ।

चलिए आज ही सेट कर दीजिए अपना अलार्म और बिना ‘ 5 मिनट बाद’ का बहाना देकर सुबह आप भी उगता हुआ सूरज देखिये।   

सुबह उठने के फ़ायदे संक्षेप में

सुबह उठना ही अपने आप में एक स्ट्रॉन्ग और हेल्थी निर्णय है, यह आपकी इच्छाशक्ति को आज़माता है इसलिए जब आप सुबह जल्दी उठते हैं तो इससे आपकी इच्छाशक्ति बढ़ती है।
सुबह जल्दी उठने से आप बहुत सी बीमारियों को दूर कर सकते हैं।
सुबह जल्दी उठने से आपको उर्जा मिलती है जो आपको आपके काम में और बेहतर बनाती है।
सुबह जल्दी उठने से आपका पेट स्वस्थ रहता है।
सुबह जल्दी उठने से आपका मस्तिष्क शांत रहता है।
सुबह जल्दी उठने से आपके मस्तिष्क का विकास तेज़ी से होगा।
सुबह जल्दी उठ कर सैर पर जायेंगे तो स्वस्थ महसूस करेंगे।
सुबह जल्दी उठेंगे तो आप अपना दिन अच्छे से प्लैन कर सकते हैं और हर काम समय से कर पाएंगे, लेट होने की सम्भावना कम रहेगी।

सुबह जल्दी ना उठने के बहुत से नुकसान हैं, आइये जानते हैं ये नुकसान क्या हैं :

सुबह जल्दी ना उठने के नुकसान

सुबह जल्दी ना उठने से आप हमेशा आलस्य से भरे रहते हैं।
सुबह जल्दी नहीं उठेंगे तो आप यकीन मानिए आप हर काम के लिए लेट होते चले जायेंगे।
सुबह जल्दी ना उठने से आप कम प्रोडक्टिव महसूस करेंगे।
सुबह जल्दी ना उठने के कारण आप अपने लिए समय नहीं निकाल पाएंगे।
सुबह जल्दी ना उठने के कारण आप नाश्ता सही समय पर नहीं कर पाएंगे।

सुबह जल्दी उठने के कुछ टिप्स

यदि आप भी सुबह जल्दी नहीं उठ पाते तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें

Step-1 सुबह उठने की तैयारी रात में कर लें।
Step-2रात को जल्दी सो जायें तभी सुबह जल्दी उठ पाएंगे।
Step-3सोने से पहले अपने मन में यह पक्का निश्चय कर लें कि अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए सुबह जल्दी उठना ही है।
Step-4सुबह 4 से 5 बजे के बीच का अलार्म सेट कर दे ।
Step-5अलार्म सेट करके उसे दूर रख दें, इतना दूर कि आपको सुबह उसे बंद करने के लिए उठ कर जाना पड़े।
Step-6अलार्म की आवाज़ तेज़ रखें।
Step-7जब सुबह आपकी आँख खुले तो तुरंत उठ जायें, दोबारा थोड़ी देर के लिए भी ना सोयें।
Step-8सुबह उठ कर अपनी आँखे पानी से धो लें।
Step-9यह रूटीन कुछ दिन फॉलो करेंगे तो आप रोज़ सुबह उठ पाएंगे, कुछ दिन बाद आपको सुबह जल्दी उठने के लिए अलार्म सेट करने की ज़रुरत भी महसूस नहीं होगी।
नोट : यदि आप अलार्म बंद करके दोबारा सोते हैं तो आपको इसकी आदत पड़ सकती है और सुबह जल्दी उठना बहुत मुश्किल हो सकता है।

यह भी पढ़े :

FAQ’s

Q. सुबह 4:00 बजे उठने के क्या फायदे हैं?

Ans: सुबह 4 बजे बर्ह्म मुहूर्त का समय होता है, इस समय के दौरान उठने से मन अत्यंत प्रसन्न रहता है।

Q. आलसी लोग सुबह जल्दी कैसे उठें?

Ans: आप सुबह उठने के लिए कुछ ऐसा कारण खोजें जो आपको अत्यंत प्रिय हो, फिर आप सुबह जरूर उठ पाएंगे।

Q. सुबह उठने में आलस क्यों आता है?

Ans: सुबह के समय आप गहरी नींद में होते है और सुबह जल्दी उठने के पीछे आपके पास कोई वजह नहीं होती इसलिए आपको सुबह जल्दी उठने में आलस आता है।

Q. सुबह देर से उठने के क्या नुक्सान हैं?

Ans: सुबह देर से उठने पर आप बिलकुल फ्रेश महसूस नहीं करते, आपका स्वास्थ्य भी सही नहीं रहता है।

Q. सुबह जल्दी उठने के नुकसान क्या हैं?

Ans: सुबह जल्दी उठने का एक ही नुकसान है कि आप अपनी प्यारी नींद को अब धोखा दे रहे हैं। हमारी इस बात को आप व्यंग्य की तरह लें, सुबह उठने का कोई नुकसान नहीं है।

Q. सुबह ऐसा क्या प्रमुख होता है जो शाम को नहीं होता?

Ans: सुबह के समय हर तरफ बहुत शान्ति है और आप स्ट्रेस फ्री महसूस करते है। शाम के समय में हर कोई जगा हुआ होता है और चारों तरफ शोर होने के कारण आपको शान्ति का एहसास नहीं मिल पाता।

Q. सुबह उठने के लिए क्या करना चाहिए?

Ans: सुबह उठने के लिए रात को समय से सोये और सुबह जिस समय उठना चाहते हैं उस समय का अलार्म लगाकर सोये।

Leave a Comment